Gurugram Road Rage Case : सुशीला देवी, गुरुग्राम। गाड़ी की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने एक व्यक्ति को घेरकर उसके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में थाना सेक्टर-14 गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 अगस्त को उसके चाचा की स्कॉर्पियो नौरंगपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात ट्रक से टकरा गई थी। हादसे के बाद शिकायतकर्ता अपने दोस्त के साथ स्कॉर्पियो को ठीक कराने के लिए सेक्टर-12 स्थित डेंटर की दुकान पर पहुंचा था।
इसी दौरान वहां 5-6 युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के आधार पर पुलिस ने 28 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रवीण (23), करन (24) और अजय (23), निवासी बार गुर्जर, गुरुग्राम, जबकि विनोद (26), निवासी गांव सराय, नूंह शामिल है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर के बाद शिकायतकर्ता और उसके साथ मौजूद लोगों ने ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज की थी। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक आरोपी प्रवीण का पिता है। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज थे और उन्होंने बाद में युवक के साथ मारपीट की।
पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

