सुशीला देवी, गुरुग्राम। सेक्टर-83 स्थित इंडिया नेक्स्ट के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कई कारों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 44 वर्षीय चंद्रशेखर अग्रवाल के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के सिकंदरपुर स्थित वाटिका इंडिया नेक्स्ट का निवासी है। खेड़की दौला थाना पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।

14 अक्टूबर की रात हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को एक महिला ने खेड़की दौला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब 9:20 बजे वह अपने पति और सास के साथ कार में जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-83 स्थित इंडिया नेक्स्ट के पास एक स्कॉर्पियो ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

चालक पर नशे में होने और मारपीट का आरोप

महिला के मुताबिक, टक्कर के बाद उन्होंने स्कॉर्पियो चालक से बात करने की कोशिश की। इस दौरान चालक नशे की हालत में दिखाई दिया। आरोप है कि उसने महिला और उनके साथ मौजूद लोगों से बदसलूकी की और मारपीट भी की।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने स्कॉर्पियो भी जब्त की

खेड़की दौला थाना पुलिस ने 16 अक्टूबर को आरोपी चालक को मामले की जांच में शामिल किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m