Gurugram Scooter Fire : गुरुग्राम। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-24 में देर रात घर के बाहर खड़ी एक Honda Activa स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में स्कूटी जलकर राख हो गई और उसका केवल लोहे का ढांचा बचा। गनीमत रही कि आग पास के मकान तक नहीं पहुंची और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी मकान के बाहर खड़ी थी। देर रात अचानक उसमें आग लग गई। स्कूटी से उठती ऊंची लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग घबरा गए। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल की टीम ने समय रहते पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। स्कूटी के ठीक पास मकान का मुख्य दरवाजा था। ऐसे में आग घर तक पहुंचने का खतरा भी बना हुआ था, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में स्कूटी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। इस घटना के बाद इलाके में वाहनों की वायरिंग और इलेक्ट्रिकल सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m