गुरुग्राम। बच्चों के बीच हुए विवाद की रंजिश ने गंभीर रूप ले लिया। सेक्टर-45 इलाके में 35 वर्षीय मजदूर बाबूलाल की मारपीट कर हत्या किए जाने के मामले में सेक्टर-40 थाना पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात की वजह बच्चों के झगड़े को लेकर हुई पुरानी रंजिश सामने आई है।
पुलिस को 31 अगस्त को सेक्टर-45 मार्केट के पास झुग्गियों में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल बाबूलाल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। कुछ समय बाद पुलिस को उसकी मौत की जानकारी मिली।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर जांच कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
बच्चों के झगड़े के बाद बढ़ा विवाद
मृतक की पत्नी की शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त को राहुल और आकाश बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर उनकी झुग्गी में आए थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें आकाश और सुनील को चोटें आईं।
आरोप है कि इसके अगले दिन राहुल अपने साथियों के साथ हथियार लेकर वहां पहुंचा। इसके बाद बाबूलाल को झुग्गी से बाहर लाकर उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
10 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
मामले में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-40 थाना पुलिस ने नारायण, प्रमोद, रफीफुल आलम उर्फ मुन्ना, रणेश, राहुल, अनिल, बिजू, बालकिशन, राजाराम और रकीबुल उर्फ राकेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के लिए पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



