गुरुग्राम: गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को एक महिला बाइक राइडर के साथ हुए हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्पोर्ट्स बाइक से जा रही सिया को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस ने कार चालक की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

सिया का आरोप है कि कार में सवार लोग काफी देर से उनका पीछा कर रहे थे और रास्ते में उनके साथ बदतमीजी भी की जा रही थी। महिला बाइक राइडर के मुताबिक, उन्होंने कार सवारों को पीछा करने और परेशान करने से मना किया था। आरोप है कि इसके बाद कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद सिया सड़क पर गिर गईं और उन्हें चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद कार सवार वहां से निकल गए। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू हुई और कार चालक की पहचान कल्याण बैंसला के तौर पर की गई।

कल्याण बैंसला की सोशल मीडिया प्रोफाइल को लेकर भी जानकारी सामने आई है। वह अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर खुद को इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी और भारतीय रग्बी टीम का सदस्य बता चुका है। इसके अलावा उसने बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता जीतने का भी दावा किया था। हालांकि, उसके इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

घटना सामने आने के बाद कल्याण बैंसला का इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों के साथ महिला द्वारा लगाए गए पीछा करने और जानबूझकर टक्कर मारने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m