कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी से जुड़े एक बड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्वालियर पुलिस की एक विशेष टीम ने चार साल से फरार चल रहे ‘साहर्यन यूनिवर्सल मल्टीपर्पस कोआपरेटिव सोसायटी’ के चेयरमैन खालिद चौधरी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर देश भर में हजारों करोड़ की ठगी के गंभीर आरोप हैं।
यह है पूरा मामला?
यह पूरी कार्रवाई मुरैना निवासी रीतेश जैन द्वारा दर्ज कराए गए 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में की गई है। ग्वालियर जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने यह दबिश दी। ग्वालियर पुलिस की विशेष टीम ने पिछले चार साल से तलाश किए जा रहे आरोपी खालिद चौधरी को आखिरकार लखनऊ से दबोच लिया और ग्वालियर लाकर आयोग के समक्ष पेश किया। न्यायिक प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता (रीतेश जैन) के साथ राजीनामा होने के बाद आरोपी खालिद चौधरी को आयोग के समक्ष पेश कर रिहा कर दिया गया।
45 हजार करोड़ से अधिक की ठगी का है आरोप
जांच में यह बात सामने आई है कि ‘साहर्यन यूनिवर्सल मल्टीपर्पस कोआपरेटिव सोसायटी’ से जुड़े इस बड़े घोटाले में करीब 20 से ज्यादा मामलों में कुल 45 हजार 719 करोड़ रुपए की भारी-भरकम धोखाधड़ी का गंभीर आरोप है। अकेले ग्वालियर जिले में ही आरोपी खालिद चौधरी के खिलाफ लगभग 14 मामले दर्ज हैं, जो निवेशकों के साथ हुई ठगी की गंभीरता को दर्शाते हैं। पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर इस तरह के मामलों में लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

