कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में आवारा मवेशियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आवारा सांड ने एक 6 साल के मासूम पर ऐसा जानलेवा हमला किया कि उसके सिर में 25 टांके आए। मासूम बीती 9 फरवरी को त्यागी नगर में कोचिंग पढ़कर घर लौट रहा था। इलाज के बाद मासूम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

दरअसल, यह घटना ग्वालियर के मुरार क्षेत्र की है जहां बीते 9 फरवरी को त्यागी नगर में कोचिंग से पढ़कर 6 साल का मासूम गोविंद लक्षकार घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान आवारा सांड ने जानलेवा हमला कर दिया। सांड ने मासूम को बेरहमी से पटकना और घसीटना शुरू कर दिया। यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 

मासूम के साथ मौजूद उसकी बहन नंदनी ने चीख पुकार मचाई। जिसे सुनते ही आसपास के मौजूद लोगों ने सांड को भगाकर बच्चे को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मासूम गोविंद लक्षकार के सिर में 25 टांके आए। साथ ही शरीर के अन्य जगहों पर भी चोट आई है। 

अगर मासूम गोविंद को समय रहते नहीं बचाया जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी। इस घटना ने नगर निगम द्वारा आवारा मवेशियों को पकड़ने के दावों की भी पोल खोली है,यही वजह है कि घटना का सीसीटीवी सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ नगर निगम के जिम्मेदारों से सवाल पूछे जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m