कर्ण मिश्रा, Gwalior. ग्वालियर में बीते 06 जुलाई को आयोजित हुई उन्नत कृषि संभागीय कार्यशाला कार्यक्रम के दौरान बिजली और साउंड सिस्टम की अव्यवस्था अधिकारियों पर भारी पड़ गई है। कृषि विश्वद्यालय के सभागार में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में अचानक बिजली गुल हो गई और माइक भी बंद हो गए ते, उस समय कार्यक्रम में बड़ी संखअया में मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य अतिथि मौजूद थे। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में हुई इस लापरवाही को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है और लोक निर्माण विभाग (PWD) के 4 इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

अचानक गुल हुई बिजली, माइक भी बंद

बीती 06 जुलाई को ग्वालियर के कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में ‘उन्नत कृषि संभागीय कार्यशाला’ का एक बेहद महत्वपूर्ण और भव्य आयोजन किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सूबे के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और दूर-दराज से आए किसान मौजूद थे।

कार्यक्रम जब अपने चरम पर था तभी अचानक सभागार की बिजली गुल हो गई। हद तो तब हो गई जब जेनरेटर बैकअप देने के बजाय फेल हो गया और मंच का माइक सिस्टम भी पूरी तरह बंद हो गया।

इस तकनीकी खराबी के कारण मंत्रियों और वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी में कार्यक्रम कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे जिला प्रशासन को भारी किरकिरी का सामना करना पड़ा।

कलेक्टर का हंटर: PWD के 4 बड़े अफसरों को थमाया नोटिस

प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया कि कार्यक्रम से पहले बिजली, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की पूरी व्यवस्था को री-चेक करने और सुचारू रखने की जिम्मेदारी संबंधित इंजीनियरों की थी, जिसमें उन्होंने घोर लापरवाही बरती। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के 4 जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, जिसमें कार्यपालन यंत्री मौसम जैन, सहायक यंत्री प्रदीप कुमार कटारा, उपयंत्री सारस चंदेरिया, सहायक विद्युत निरीक्षक निशांत श्रीवास्तव का नाम शामिल है।

24 घंटे का अल्टीमेटम

कलेक्टर ने सभी चारों अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए 24 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण पेश करने के निर्देश दिए हैं। यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो इन पर निलंबन समेत बड़ी विभागीय गाज गिरना तय है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m