कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त होने पर सियासत जारी है। इसी कड़ी में कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को जहरीला सांप बताया है, जो किसी को भी डस सकता है। ऐसे में विधायक सिकरवार ने अपनी ही पार्टी को सलाह दी है कि दूध के जले को हमेशा छांछ भी फूंक फूंककर पीना चाहिए।
ग्वालियर पूर्व विधानसभा से कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार का कहना है कि भाजपा में किसी की नैया पार नहीं लगी है। भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। यह सीधे तौर पर लूट है यह चोरी है, जो काम रात के अंधेरे में अपराधी और गुंडे करते थे, वह काम दिनदहाड़े बीजेपी के क्रिमिनल विचार के लोग कर रहे हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जो राम की बात करते हैं वह रावण जैसा काम कर रहे हैं। आने वाले समय में रावण का जैसा हश्र हुआ वैसा भारतीय जनता पार्टी का हश्र होगा।
बीजेपी का क्रिमिनल दिमाग वाला नेचर- सिकरवार
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रलोभन में कोई भी कांग्रेस का विधायक नहीं आया तो उन्होंने इस तरह का हथकंडा अपनाया। भारतीय जनता पार्टी साम दाम दंड भेद हर तरह से सत्ता में बनी रहना चाहती है, पद हथियाना चाहती है। यह बीजेपी का क्रिमिनल दिमाग वाला नेचर है। विधायक सिकरवार ने उस कहावत पर भी जोर दिया जिसमें कहा जाता है कि दूध का जला छाछ भी फूंक फूंक कर पीता है।
कांग्रेस विधायकों को दी ये सलाह
उन्होंने इशारों इशारों में अपनी ही पार्टी को सलाह दी है और कहा है कि जिस प्रकार भाजपा छल कपट और सरकार गिराने और बनाने का काम कर रही है, ऐसे में हमें इन सारी चीजों से सीख लेना होगी। सिकरवार ने कहा कि हमें समझना होगा हमें अध्ययन करना होगा और इसके बचाव का रास्ता आगे निकलना होगा। भाजपा के हथकंडों से अब हमें सावधान होना होगा। वरना यह सांप हमें डस लेगा और हम यह सोचते रहेंगे कि इस सांप में जहर नहीं है। जबकि भाजपा एक विषैली सांप है, यह किसी को भी डस सकती है, आने वाले समय में जनता तैयार हो रही है और जनता उनके फन को कुचल देगी।

