कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा को लेकर एक बार फिर विवाद गरमाता नजर आ रहा है। ग्वालियर ग्रामीण से कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर ने गुर्जर-क्षत्रिय महासभा की बैठक का आयोजन किया। जहां उन्होंने प्रशासन को सीधी चेतावनी दी है। विधायक ने कहा है कि 25 सितंबर तक चिरवाई नाका स्थित सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा को कंटीले तारों से मुक्त नहीं किया गया, तो ग्वालियर में बड़ा आंदोलन होगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो समाज के लोग खुद प्रतिमा को कंटीले तारों से मुक्त करने के लिए मौके पर पहुंच सकते हैं।
करीब पांच साल से लंबित है विवाद
दरअसल, सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा और उससे जुड़े विवाद को लेकर गुर्जर क्षत्रिय महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठ लोगों के साथ बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए। करीब पांच साल से लंबित इस विवाद को लेकर समाज के लोगों में नाराजगी है। बैठक में आरोप लगाया गया कि अदालत के निर्देश के बावजूद प्रशासन अब तक इस मामले का स्थायी समाधान नहीं निकाल सका है। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि दोनों पक्षों को साथ बैठाकर विवाद सुलझाने या निष्पक्ष जांच रिपोर्ट अदालत के सामने रखने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

बैठक में सबसे ज्यादा जोर 25 सितंबर की समय-सीमा पर रहा। समाज ने संभागायुक्त और स्थानीय प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि तय समय तक प्रतिमा को कंटीले तारों से मुक्त करने और मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। ग्वालियर ग्रामीण से कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यह सिर्फ प्रतिमा का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज के गौरव और सम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो समाज सड़क पर उतर सकता है।
दर्ज मामलों पर भी नाराजगी
इस पूरे विवाद में प्रतिमा के चारों ओर लगाए गए कंटीले तार अब विरोध का सबसे बड़ा मुद्दा बन गए हैं। समाज के लोगों का कहना है कि उनके आराध्य और महापुरुष की प्रतिमा को इस तरह घेरे में रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं बैठक में पूर्व के घटनाक्रम के दौरान समाज के युवाओं और नेताओं पर दर्ज मामलों को लेकर भी नाराजगी जताई गई। समाज की मांग है कि जिन मामलों को झूठा या बेबुनियाद बताया जा रहा है, उन्हें वापस लिया जाए और इस संबंध में प्रशासन अपने पुराने आश्वासन को पूरा करे।

आंदोलन की चेतावनी
समाज के प्रतिनिधियों ने साफ किया कि उनकी पहली प्राथमिकता लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाना है। लेकिन 25 सितंबर तक समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को बड़े स्तर पर ले जाने की चेतावनी दी गई है। बैठक में यह भी कहा गया कि जरूरत पड़ने पर बड़ी संख्या में समाज के लोग सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर विरोध दर्ज करा सकते हैं।
ग्वालियर में पांच साल से चले आ रहे इस विवाद को लेकर अब 25 सितंबर की तारीख बेहद अहम हो गई है। प्रशासन के सामने समाज की मांगें हैं, वहीं समाज ने साफ कर दिया है कि अगर समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस अल्टीमेटम के बाद क्या कदम उठाता है और क्या प्रतिमा के चारों ओर लगे कंटीले तार हटाए जाते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


