कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के इंद्रानगर चार शहर का नाका इलाके में बिजली बिल चेक करने गए दो प्राइवेट कर्मचारियों के साथ मारपीट और कुत्तों से हमला करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिल चेक करने को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने पहले दोनों कर्मचारियों से मारपीट की, मशीन तोड़ दी और फिर अपने तीन पालतू कुत्तों को उनके पीछे दौड़ा दिया। घायल कर्मचारी का आरोप है कि उसे घर के अंदर ले जाकर कुत्तों से कटवाया गया और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के बाद हजीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, शताब्दीपुरम निवासी रविंद्र सिंह राजावत अपने साथी आदित्य भदौरिया के साथ इंद्रानगर चार शहर का नाका इलाके में बिजली बिल चेक करने पहुंचा था। इसी दौरान बीरू तोमर नाम का व्यक्ति स्कूटी से वहां पहुंचा और दोनों से पूछताछ करने लगा। रविंद्र के मुताबिक, जब उसने खुद को बिजली विभाग का प्राइवेट कर्मचारी बताया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान बीरू ने आदित्य के हाथ से बिल चेक करने वाली कंपनी की मशीन छीन ली। मशीन की बैटरी और सिम निकालकर फेंक दी और उसे सड़क पर पटककर तोड़ दिया।

घर के अंदर ले जाकर कुत्तों से कटवाने का आरोप

इसके बाद आरोपी कथित तौर पर अपने घर के अंदर गया और पिटबुल, रॉटविलर और जर्मन शेफर्ड तीन पालतू कुत्तों को बाहर लेकर आया। आरोप है कि उसने कुत्तों को दोनों कर्मचारियों के पीछे दौड़ा दिया। रविंद्र सिंह का आरोप है कि आरोपी उसे पकड़कर घर के अंदर एक कमरे में ले गया और वहां कुत्तों से कटवाया। कुत्तों के हमले में उसके दोनों हाथ, दोनों जांघ और बाएं पैर की पिंडली पर चोट आई। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर भी वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी।

इलाके में दोबारा बिल चेक करने पर जान से मारने की धमकी

इतना ही नहीं, रविंद्र ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने बंदूक निकालकर धमकाया और दोबारा इलाके में बिल चेक करने आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी बीरू तोमर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, मशीन को नुकसान पहुंचाने, धमकी देने और जानलेवा हमले से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

FIR दर्ज-जांच शुरू

साथ ही आरोपों की पुष्टि के लिए मौके की जानकारी, चोटों और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। बिल चेक करने के दौरान हुए विवाद और कथित कुत्तों के हमले में घायल रविंद्र सिंह राजावत ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। फिलहाल इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस जांच कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और पीड़ित की ओर से लगाए गए कुत्तों से हमला, बंदूक दिखाकर धमकाने समेत अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m