कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। गोशपुरा वृत के नायब तहसीलदार कार्यालय में ईओडब्ल्यू की टीम ने दबिश देकर रीडर को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि प्लॉट के नामांतरण के मामले में फरियादी से घूस की मांग की गई थी।

ग्वालियर में EOW ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्ट्रेट स्थित तहसील ग्वालियर के गोशपुरा वृत में नायब तहसीलदार कार्यालय पर EOW की टीम ने छापा मारते हुए रीडर अनिल कुड़वारिया को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। किला गेट क्षेत्र के रहने वाले जितेंद्र पांडे का रानीपुरा स्तिथ प्लॉट नामांतरण का मामला ऑफिस में लंबित था।

ये भी पढ़ें: धरती के भगवान ने किया जान का सौदा: गर्भवती के इलाज के लिए 5 हजार में की डील, महिला की हो गई मौत

आरोप है कि इस काम को करने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में 40 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। जुलाई 2025 से लंबित मामले में बार बार की जा रही रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी ने मामले की शिकायत EOW से की थी। शिकायत की पुष्टि होने पर EOW ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी रीडर को 20 हजार रुपए रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए धर दबोचा।

इस कार्रवाई के दौरान EOW की टीम ने मौके पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पूरे मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m