कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में चलती ट्रेन में यात्रियों के महंगे मोबाइल पर हाथ साफ करने वाले शातिर गिरोह को GRP ने दबोच लिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 27 स्मार्टफोन और एक बाइक बरामद की गई है। चोरी के मोबाइल दिल्ली में खपाए जाते थे। शातिर चोरों का तरीका भी ऐसा था कि ट्रेन धीमी होते ही मोबाइल लेकर चलती ट्रेन से कूद जाते थे, लेकिन इस बार GRP ने इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
दरअसल GRP थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह के मुताबिक यह गिरोह स्टेशन से ही ट्रेन में सवार हो जाता था। ट्रेन के ग्वालियर से निकलते ही आरोपी यात्रियों के महंगे मोबाइल को अपना निशाना बनाते थे। इनका तरीका बेहद शातिर था। जैसे ही ट्रेन बिरलानगर या एजी पुल के पास आउटर पर धीमी होती, आरोपी यात्री का मोबाइल लेकर ट्रेन से कूद जाते और मौके से फरार हो जाते थे। यानी यात्रियों को पता चलने से पहले ही चोर चलती ट्रेन से उतरकर फरार हो चुके होते थे।
GRP ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है।आरोपियों की पहचान पिंटो पार्क निवासी संजय श्रीवास, चंदनपुर बिरलानगर निवासी प्रीतेश उर्फ ओम राठौर और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पूछताछ में संजय ने 16 अगस्त को बुंदेलखंड एक्सप्रेस के S-3 कोच में दो यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात कबूल की है। इनमें ग्वालियर निवासी अभिषेक शर्मा का iPhone भी शामिल था,मोबाइल चोरी करने के बाद आरोपी ट्रेन के आउटर पर उतरकर फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं और इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं,आरोपियों के पास से बरामद 27 मोबाइल की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। चोरी के मोबाइल दिल्ली में खपाए जाते थे। अब GRP आरोपियों से पूछताछ कर उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो चोरी के मोबाइल खरीदते थे।
यात्रियों की नजर बचाकर चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाले इन शातिरों ने वारदात के लिए बाकायदा तरीका बना रखा था। लेकिन इस बार GRP की निगरानी और कार्रवाई के आगे इनकी चाल नहीं चली और पूरा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि बरामद मोबाइल के मालिकों का पता लगाने के साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और दिल्ली में चोरी का माल खरीदने वालों तक भी पहुंचा जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

