कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में बेखौफ बदमाशों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी और न्यायधानी के बीच इंदरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अति-संवेदनशील फैमिली कोर्ट रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक टाइपराइटर ने शराब के नशे में धुत होकर वकील की दुकान के बाहर अवैध कट्टे से हवाई फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि इस अचानक हुई फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ और दुकान पर मौजूद वकील बाल-बाल बच गए।

स्टांप की रजिस्टर एंट्री को लेकर हुआ था विवाद 

जानकारी के अनुसार, वकील तरुण वर्मा की फैमिली कोर्ट गेट के पास ‘विनोद टाइपिंग एवं इलेक्ट्रोस्टेट सेंटर’ नाम से दुकान है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, टाइपराइटर एजाज खान ने एक दिन पहले तरुण वर्मा की दुकान से स्टांप खरीदा था, लेकिन उसकी एंट्री रजिस्टर में नहीं कराई थी। इसी बात को लेकर एक दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

रंजिश में शराब पीकर पहुँचा आरोपी 

इसी मामूली विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी एजाज खान शराब के नशे में धुत होकर दुकान पर पहुँचा। दुकान पर खड़े वकील तरुण वर्मा को देखते ही वह गाली-गलौज करने लगा। जब तरुण ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने अचानक अपनी कमर से अवैध कट्टा निकाला और वकील पर निशाना साधते हुए हवाई फायर कर दिया। अचानक चली गोली की आवाज से आसपास भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

CCTV से तलाश जारी 

दिनदहाड़े कोर्ट रोड जैसे चहल-पहल वाले इलाके में गोली चलने की सूचना मिलते ही इंदरगंज थाना पुलिस दबलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए वहां से चला हुआ खाली कारतूस (खोका) बरामद किया है। मामले में पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का सुराग मिल सके।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m