कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जयारोग्य अस्पताल में पार्किंग के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। अब तक मरीजों और उनके अटेंडरों से वसूली की शिकायतें सामने आती रही हैं,लेकिन इस बार नगर निगम के रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर भी इसका शिकार हो गए। आरोप है कि अस्पताल परिसर में वाहन पार्किंग के लिए उनसे निर्धारित 20 रुपए की जगह 50 रुपए वसूले गए। मामले की शिकायत खुद रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज के डीन से की है।
दरअसल, जयारोग्य अस्पताल में ग्वालियर-चंबल के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर की पार्किंग में वाहन खड़ा करना मरीजों और उनके परिजनों की जरूरत बन जाता है। लेकिन पार्किंग शुल्क के नाम पर ज्यादा वसूली की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इस बार नगर निगम के रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर एपीएस भदौरिया ने भी ठेकेदार के कर्मचारियों पर तय शुल्क से ज्यादा रकम वसूलने का आरोप लगाया है,रिटायर्ड डिप्टी कमिश्नर APS भदौरिया का कहना है कि वह अस्पताल परिसर में फिजियोथेरेपी लेने पहुंचे तो उन्होंने अपना परिचय भी दिया, लेकिन पार्किंग कर्मचारियों ने शुल्क देने की बात कही। जब उन्होंने भुगतान किया तो उन्हें 50 रुपए की रसीद थमा दी गई, जबकि उनके मुताबिक निर्धारित शुल्क 20 रुपए है। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने भी माना कि पार्किंग स्टैंड से ज्यादा शुल्क वसूलने की शिकायत पहले भी मिल चुकी है।उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डीन का कहना है कि सरकारी अस्पताल में बड़ी संख्या में गरीब मरीज आते हैं। उनसे किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

