कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। लॉ छात्रा के अपहरण मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपह्रत छात्रा को सुरक्षित रिकवर करते हुए आरोपी जीतू तोमर को अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा है। पुलिस की 12 सदस्यीय विशेष टीम 500 से अधिक CCTV कैमरे खंगालते हुए आरोपी तक पहुंची। फिलहाल अपह्रत छात्रा के बयान के बाद घटना के वास्तविक कारण का खुलासा होगा। साथ ही आरोपी द्वारा अपह्रत छात्रा के साथ जारी किए वीडियो की भी टेक्निकल जांच की जाएगी।

छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कराया था

दरअसल महात्मा गांधी लॉ कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा के दिनदहाड़े अपहरण की सूचना मिली थी। अपह्रत छात्रा के साथ मौजूद जूनियर छात्रा ने पुलिस को बताया था कि उसको धक्का देकर कार सवार बदमाश अपहरण कर ले गए। घटना के बाद अपह्रत छात्रा की मां ने जीतू तोमर नाम के बदमाश पर अपहरण का आरोप लगाया। जीतू पर अपह्रत छात्रा ने कुछ समय पहले ही छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद जीतू तोमर जेल में रहा। वारदात के 03 दिन पहले ही जेल से जमानत पर वह रिहा हुआ था। इस दौरान 500 से अधिक CCTV खंगाले गए। अपह्रत छात्रा को आरोपी जीतू तोमर के साथ कानपुर उरई के बीच बस से पकड़ा।

आरोपी जीतू तोमर और अपहृत छात्रा सकुशल बरामद

SSP धर्मवीर सिंह यादव का कहना है कि पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश के उरई जालौन कानपुर झांसी बरेली में टीमें काम कर रही थी। टेक्निकल इनपुट से जानकारी मिली थी कि अपहरण में उपयोग की गई बिना नंबर की गाड़ी उरई में देखी गई है,वहां भेज कर गाड़ी को कब्जे में लिया गया। वहां जानकारी मिली कि यह लोग उरई से लखनऊ पहुंचे हैं वही नाइट होल्ड किया था। इसके बाद यह बस के माध्यम से लखनऊ से इंदौर के लिए रवाना हुए थे। टीम सूचना मिलने के साथ ही एक्टिव थी,ऐसे में कानपुर और उरई के बीच में बस को चेक करने पर आरोपी जीतू तोमर और अपहृत छात्रा को सकुशल बरामद किया है।

स्टेटमेंट न्यायालय में भी दर्ज कराए जाएंगे

आरोपी जीतू की चेकिंग में एक अवैध पिस्टल भी मिली, जिसकी भी जांच की जा रही है। एसएसपी यादव ने कहा कि इस ऑपरेशन में इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन पुलिस का बहुत बेहतर रहा जिसके चलते सफलता मिल सकी। अपहृत छात्रा परिजनों के साथ आएगी तब उसके पुलिस स्टेटमेंट रिकॉर्ड करेगी उसके साथ ही स्टेटमेंट न्यायालय में भी दर्ज कराए जाएंगे। पूरे स्टेटमेंट के बाद घटना के वास्तविक कारण की स्थिति साफ हो सकेगी। SSP यादव ने घटना के बाद जारी वीडियो को लेकर भी बताया है कि वह किन परिस्थितियों में वायरल किया गया है उसकी प्रामाणिकता क्या है इसकी भी जांच की जाएगी।

अन्य आरोपी भी अरेस्ट

आरोपी वीडियो में कहता नजर आया है कि उसने अपहरण नहीं किया,छात्रा अपनी मर्जी से उसके साथ आई है। चूंकि आरोपी के खिलाफ अपह्रत छात्रा ने कुछ समय पहले ही छेड़छाड़ की FIR दर्ज कराई थी। उस समय भी आरोपी से अवैध हथियार बरामद हुआ था। ऐसे में किस परिस्थिति में यह वीडियो जारी हुआ यह जांच का विषय है। इसके साथ ही SSP ने यह बताया है कि जीतू तोमर के साथ में जो अन्य आरोपी शामिल था उसे भी अरेस्ट कर लिया गया है। घटना में शामिल गाड़ी को भी बरामद कर लिया गया है। अपहृत छात्रा के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m