कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। Lokayukta Arrested Female Patwari: एमपी के ग्वालियर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। आरोपी पटवारी जमीन के सीमांकन और नामांतरण की कार्रवाई करने के एवज में शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

दरअसल, मुरार क्षेत्र के सिरसौद गांव निवासी मंशाराम ने 16 जून को लोकायुक्त कार्यालय ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी बहन गूड्डी की जमीन का सीमांकन और उसकी पत्नी सावित्रीबाई के नाम जमीन का नामांतरण कराने के लिए गूंधारा हल्का की पटवारी रेखा शाक्य लगातार 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही है। 

शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा के निर्देशन में मामले का सत्यापन कराया गया। जांच में शिकायत सही पाई गई और यह भी सामने आया कि आरोपी पटवारी शिकायतकर्ता से पहले ही 3 हजार 500 रुपये रिश्वत के रूप में ले चुकी थी।इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने मुरार स्थित पूनम माथुर के मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पटवारी रेखा शाक्य को 5 हजार रुपये की रिश्वत दी, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। 

लोकायुक्त पुलिस एसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। महिला पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की संशोधित धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई में करीब 10 सदस्यीय लोकायुक्त टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m