कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे डाली है। पड़ाव थाने के ठीक सामने स्थित नाश्ते की दुकान के संचालक पर आधा दर्जन के करीब लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दुकान संचालक अशोक पाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाने के सामने फायरिंग, गंभीर हालत में निजी अस्पताल भर्ती

घटना पड़ाव थाना क्षेत्र की है जहां बेखौफ हमलावरों ने थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित नाश्ते की दुकान को निशाना बनाया। गोली लगने से नाश्ता दुकान संचालक अशोक पाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दिनेश और छोटू यादव समेत आधा दर्जन पर आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष की लड़की चले जाने से नाराज होकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों ने दिनेश यादव, छोटू यादव सहित आधा दर्जन के करीब अन्य लोगों पर अशोक पाल पर सीधे गोली चलाने का गंभीर आरोप लगाया है।

पड़ाव थाना पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

थाने के ठीक सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पड़ाव थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m