कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र स्थित शिंदे की छावनी में पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा होते होते टल गया। पेट्रोल भरवाते समय अचानक एक स्कूटर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से स्कूटर चालक झुलस गया, जबकि आग पास में बने पेट्रोल टैंक तक भी पहुंच गई। गनीमत रही कि आग टैंक के अंदर तक नहीं पहुंची।

दरअसल रफीक खान अपनी स्कूटर में पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर आया था। पेट्रोल भरने के दौरान अचानक स्कूटर से चिंगारी निकली और देखते ही देखते स्कूटर आग की लपटों में घिर गया। आग ने स्कूटर चालक रफीक को भी अपनी चपेट में ले लिया।मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए तुरंत फायर सेफ्टी सिलेंडर का इस्तेमाल किया और पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। 

कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया,हादसे में झुलसे रफीक खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रफीक आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है,इधर सूचना मिलने के बाद इंदरगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m