कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे, KYC अपडेट, क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने, कार्ड बंद होने और पेंशन कार्ड अपडेट जैसे झांसे देकर साइबर अपराधी लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। हालात ये हैं कि सिर्फ एक दिन में साइबर ठगी के रिकॉर्ड 8 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें लोगों से करीब 20 लाख 54 हजार रुपये की ठगी की गई है। पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील कर रही है।
ग्वालियर में साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडे सामने आ रहे हैं। कहीं फेसबुक पर दोस्ती कर कारोबारी को ट्रेडिंग के नाम पर 8 लाख 20 हजार रुपये का चूना लगाया गया, तो कहीं KYC अपडेट के नाम पर बैंक खातों से रकम उड़ा ली गई। सिर्फ एक दिन में दर्ज 8 मामलों ने पुलिस और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
1 दिन में 8 साइबर फ्रॉड के मामले
- ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर कारोबारी से 8.20 लाख रुपये की ठगी
- मोबाइल हैक कर दो लोगों से 4.82 लाख रुपये उड़ाए
- KYC अपडेट के नाम पर 1.84 लाख रुपये की ठगी
- क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर 1 लाख रुपये निकाले
- क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर 1.09 लाख रुपये की ठगी
- कार्ड PIN बदलने के दौरान 1.68 लाख रुपये खाते से गायब
- पेंशन कार्ड अपडेट के नाम पर बुजुर्ग से 2.45 लाख रुपये की ठगी
- कुल ठगी की रकम करीब 20.54 लाख रुपये।
ऐसे बनाते है शिकार
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, फोन कॉल और फर्जी लिंक के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग खुद को बैंक कर्मचारी, निवेश सलाहकार और सरकारी प्रतिनिधि बताकर लोगों का भरोसा जीतते हैं और फिर खाते से रकम निकाल लेते हैं। CSP मनीष यादव का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, KYC अपडेट, क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने या निवेश के नाम पर मांगी गई जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
यहां करें शिकायत
सीएसपी ने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या फिर साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि रकम रिकवर करने की संभावना बढ़ सके। ग्वालियर में तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया है। थोड़ी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई को साइबर ठगों के हवाले कर सकती है।

