कर्ण मिश्रा,ग्वालियर/शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए शीतला माता मंदिर के समीप दर्दनाक हादसे में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। हाल ही में इलाज के दौरान 78 वर्षीय बुजुर्ग मोतीराम प्रजापति की भी मौत हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के इलाज के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के वास्ते एयर एंबुलेंस के जरिए भोपाल एम्स रेफर किया जा रहा है।

गंभीर घायलों को एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स किया गया शिफ्ट

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 16 वर्षीय कल्पना परिहार को बेहतर और उच्चस्तरीय इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से तुरंत भोपाल एम्स भेजा गया है। इससे पहले गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति संजय शर्मा को भी एयर एंबुलेंस के माध्यम से ग्वालियर से भोपाल एम्स भेजा जा चुका है, जहां डॉक्टरों की विशेष देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी आज ग्वालियर दौरे पर, करेंगे मुलाकातों का दौर

इस दर्दनाक हादसे के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज ग्वालियर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे शीतला माता मंदिर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोकाकुल परिजनों के घर जाकर उनसे मुलाकात करेंगे और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।

परिजनों से मिलने के बाद पटवारी का शासकीय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर जाने का विशेष कार्यक्रम है। वहां वे हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे और डॉक्टरों से उनका हालचाल जानेंगे। इसके पश्चात, पीसीसी चीफ ट्रॉमा सेंटर परिसर में ही एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित करेंगे और इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m