कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के सुरेश नगर में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका का नाम सोनम बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल सोनम का पति रामचंद्र आदिवासी रात करीब 11 बजे बाद घर पहुंचा था। देर से आने पर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ। विवाद के बाद रामचंद्र घर से बाहर निकल गया। थोड़ी ही देर में उनका छोटा बेटा ओम चीखता हुआ बाहर आया और बताया कि मां कमरे में फंदे से लटकी हुई है।पड़ोसियों की मदद से रामचंद्र ने कमरे का गेट खोलने की कोशिश की, पर गेट बंद होने के कारण दूसरी तरफ से दीवार तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा।

उन्होंने पत्नी को फंदे से नीचे उतारकर तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया,लेकिन इलाज के दौरान सोनम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में ASP जयराज कुबेर का कहना है कि शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद के कारण यह कदम उठाने की बात सामने आई है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m