कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में ट्रैफिक पुलिस को चकमा देकर भागना और फिर सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई का मजाक उड़ाना एक वाहन चालक को भारी पड़ गया। पहले पुलिस को चकमा देकर भागा, फिर बाइक से स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर यातायात पुलिस की मुहिम को चुनौती दी। लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहन चालक को दोबारा दबोच लिया और 11 हजार रुपये का चालान काट दिया। जुर्माना भरने के बाद अब यही वाहन चालक सोशल मीडिया पर 11 हजार के चालान की बात करते हुए अपने कान पकड़े नजर आ रहा है।

दरअसल, कुम्हरपुरा निवासी दिनेश आदिवासी मोडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट लेकर घूम रहा था। यातायात पुलिस ने उसे रोका तो पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह मौके से भाग निकला। इतना ही नहीं, पुलिस को चकमा देकर बाइक से स्टंट करते हुए भागने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहन चालक को दोबारा दबोच लिया।

ये भी पढ़ें: उन्हेल में बाइक-ट्रक की जोरदार टक्कर: नगर परिषद कर्मचारी की मौत, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

जांच में बुलेट में मोडिफाइड साइलेंसर लगा होना पाया गया, जिसके बाद यातायात पुलिस ने दिनेश आदिवासी के खिलाफ करीब 11 हजार रुपये के चालान की कार्रवाई की। खास बात यह रही कि चालान कटने के बाद दिनेश ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो अपलोड किया। इस वीडियो में वह खुद 11 हजार रुपये के चालान की बात कहता नजर आया। लेकिन यह बात सामान्य तौर पर नही बल्कि अपने कान पकड़कर कहता दिख रहा है।

यानी जिस ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का वीडियो बनाकर मजाक उड़ाने की कोशिश की गई थी, उसी कार्रवाई ने वाहन चालक को सबक सिखा दिया। सीएसपी रोबिन जैन का साफ कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m