कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंदिरों की जमीन को लेकर पुजारियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। ग्वालियर-चंबल संभाग के पुजारी परिवार सहित झांसी रोड स्तिथ हनुमान टेकरी मंदिर पर सत्याग्रह पर बैठ गए। पुजारियों का आरोप है कि सरकार मंदिरों की परंपरागत व्यवस्था में हस्तक्षेप कर रही है। प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था से मंदिरों की आय बढ़ेगी और जर्जर मंदिरों के संरक्षण में मदद मिलेगी।
क्या है विवाद की मुख्य वजह?
ग्वालियर की हनुमान टेकरी अंचल के पुजारियों के आंदोलन का केंद्र बनी हुई है। ग्वालियर-चंबल अंचल के बड़ी संख्या में पुजारी अपने परिवारों के साथ यहां सत्याग्रह पर बैठ गए। आंदोलनकारी पुजारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा देवस्थान और मंदिरों की कृषि भूमि के प्रबंधन को लेकर बनाई गई नई व्यवस्था उनकी परंपरागत अधिकार व्यवस्था को कमजोर कर रही है।
पुजारियों का आरोप: ‘परंपरागत अधिकारों पर डाका डाल रही सरकार’
सरकार की नई व्यवस्था के मुताबिक चार हेक्टेयर यानी करीब 20 बीघा से अधिक कृषि भूमि वाले मंदिरों की जमीन का पट्टा अब प्रशासनिक निगरानी में खुली नीलामी के माध्यम से दिया जाएगा। नीलामी की प्रक्रिया तहसीलदार स्तर पर कराई जाएगी और प्राप्त राशि संबंधित मंदिर के खाते में जमा होगी। सरकार का तर्क है कि इस राशि का उपयोग मंदिरों के रखरखाव, विकास और जर्जर मंदिरों के जीर्णोद्धार में किया जाएगा।
हालांकि पुजारियों का कहना है कि मंदिरों की कृषि भूमि और उसके प्रबंधन का अधिकार परंपरागत रूप से पुजारी और मंदिर समितियों के पास रहा है। उनका आरोप है कि सरकार माफी, औकाफ और देवस्थान की जमीनों पर प्रशासनिक नियंत्रण बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
परिसर में भारी पुलिस बल तैनात, बातचीत बेनतीजा
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए हनुमान टेकरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा,साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लगातार आंदोलनरत पुजारियों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे हैं।
फिलहाल पुजारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सत्याग्रह जारी है। ग्वालियर में मंदिरों की जमीनों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सरकार और पुजारियों के बीच टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है। देखना होगा कि बातचीत से समाधान निकलता है या आंदोलन और तेज होता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

