कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ISBT को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब 15 जून से मुरैना और भिंड जाने वाली बसें पुराने बस स्टैंड के साथ-साथ नए आईएसबीटी से भी संचालित होंगी। इसके साथ ही शहर से चलने वाली सभी वीडियो कोच बसों को भी आईएसबीटी से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और सांसद भारत सिंह कुशवाह की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में यातायात प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान बस ऑपरेटर्स भी मौजूद रहे। बस ऑपरेटर्स यूनियन ने भी प्रस्ताव पर सहमति जताई है। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर 15 जून से संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक से जुड़ी खास बातें
- मुरैना-भिंड की बसें आईएसबीटी से भी उपलब्ध रहेंगी
- पुराने बस स्टैंड से होकर आईएसबीटी पहुंचेंगी बसें
- आईएसबीटी पर पहुंचना होगा अनिवार्य
- बस ऑपरेटर्स यूनियन की सहमति
- 15 जून से संचालन शुरू
- सभी बसों के लिए आईएसबीटी पहुंचना अनिवार्य
शहर से संचालित सभी वीडियो कोच बसों को भी नए अंतर्राज्यीय बस अड्डे से चलाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही स्मार्ट सिटी की “द सूत्र बस सेवा” भी आईएसबीटी से संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने बस स्टैंड से आईएसबीटी तक ऑटो और अन्य सवारी वाहनों की निर्धारित दरें तय की जाएंगी, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन का कहना है कि नए आईएसबीटी के व्यवस्थित संचालन से शहर के बीचों-बीच लगने वाले ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।


