कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में बदमाशों ने दो युवकों पर गोली चला दी। फायरिंग की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। आधी रात को दोनों युवकों को घर से बाहर बुलाया गया और इसके बाद दोनों आरोपियों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो युवक घायल हुए हैं। पूरी घटना हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मिल इंद्रनगर इलाके की है।

दरअसल, हजीरा थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया। पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद के चलते अजय तोमर और धीरज तोमर ने अन्नू तोमर और शादिक खान को घर से बाहर बुलाया और उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में अन्नू तोमर के पेट में, जबकि शादिक खान के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें: अपनों ने ही ली जान: पत्नी, साले और भाई ने मिलकर उतारा मौत के घाट, बाइक पर लादकर शव को ऐसे लगाया ठिकाने

पुलिस के मुताबिक, अन्नू तोमर और शादिक खान का आरा मिल इंद्रनगर में रहने वाले अजय तोमर और धीरज तोमर से पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार शाम को भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। जिसके बाद मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन देर रात दोनों आरोपी तमंचे लेकर पहुंचे और अन्नू और शादिक को घर से बाहर बुलाया। दोनों के बाहर आते ही आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

फायरिंग की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची हजीरा थाना पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएसपी रोबिन जैन का कहना है कि शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m