कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। सरकारी भर्ती परीक्षाओं में वन टाइम फीस यानी OTF लागू करने की मांग को लेकर ग्वालियर में युवा कांग्रेस ने “रन फॉर ओटीएफ” मैराथन का आयोजन किया। इस मैराथन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा,विधायक जयवर्धन सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया।इस आयोजन के जरिये कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।

मेला ग्राउंड से फूलबाग तक युवाओं की हुंकार

ग्वालियर में आयोजित “रन फॉर ओटीएफ” मैराथन की शुरुआत मेला ग्राउंड से हुई। यह दौड़ गोला का मंदिर, हजीरा, किलागेट और सेवा नगर होते हुए फूलबाग मैदान पहुंचकर समाप्त हुई,कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।

एक छात्र सालभर में 15 हजार रुपए फीस में फूंक रहा: जीतू पटवारी

कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने युवाओं से वन टाइम फीस लागू करने का वादा किया था लेकिन सरकार बनने के बाद इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक छात्र को अलग अलग भर्ती परीक्षाओं के आवेदन शुल्क के रूप में सालभर में 10 से 15 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं,जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्मार्ट मीटर को लेकर ऊर्जा मंत्री पर सीधा हमला

जीतू पटवारी ने इस दौरान स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर योजना आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है और कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में डेढ़ से दो गुना तक बढ़ गए हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाब देने की मांग की।इसके साथ ही उन्होंने ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर को लेकर कहा कि वह नालियां साफ करते है,दूसरी ओर स्मार्ट मीटर की लूट का सबसे बड़ा कमीशन भी खुद रखते है।

राजस्थान की तर्ज पर एमपी में भी मिले राहत: जयवर्धन सिंह

वहीं पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश का हर युवा सरकारी नौकरी पाने का सपना देखता है और इसके लिए दिन-रात मेहनत करता है। लेकिन मध्यप्रदेश में हर भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग शुल्क देना युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने वन टाइम फीस की व्यवस्था लागू की थी, जिससे युवाओं को राहत मिली थी,मध्यप्रदेश में भी इसी व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए।

बहरहाल युवक कांग्रेस की इस “रन फॉर ओटीएफ” मैराथन के जरिए प्रदेश सरकार पर वन टाइम फीस लागू करने का दबाव बनाने की कोशिश की गई। अब देखना होगा कि युवाओं की इस मांग पर सरकार क्या रुख अपनाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m