कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। ग्वालियर के उभरते सितारे यशवर्धन सिंह चौहान को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। बड़ी बात यह है कि बीसीसीआई (BCCI) ने उन्हें वनडे और मल्टी-डे (चार दिवसीय) दोनों ही टीमों की कमान सौंपी है। इसके साथ ही चंबल अंचल के ही एक और होनहार खिलाड़ी मनल चौहान को भी इस राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। इस दोहरी सफलता से ग्वालियर और चंबल अंचल के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।

सिंधिया स्कूल के छात्र हैं कप्तान यशवर्धन

ग्वालियर के प्रतिष्ठित सिंधिया स्कूल के छात्र यशवर्धन सिंह चौहान बचपन से ही मैदान पर अपने असाधारण प्रदर्शन के लिए जाने जाते रहे हैं। वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। भारतीय टीम का कप्तान चुने जाने के बाद अब 23 जून से उनका ट्रेनिंग कैंप शुरू होगा, जिसके बाद 30 जून को भारतीय टीम श्रीलंका के लिए रवाना होगी। इस दौरे पर भारत और श्रीलंका के बीच 3 वनडे और 2 मल्टी-डे मैच खेले जाएंगे, जिसमें पहला वनडे मुकाबला 4 जुलाई को हम्बनटोटा में खेला जाएगा।

यशवर्धन के नाम जूनियर और घरेलू स्तर पर कई ऐसे बड़े रिकॉर्ड

बीसीसीआई जगमोहन डालमिया ट्रॉफी: हालिया घरेलू सीजन में अंडर-19 श्रेणी में पूरे भारत में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने पर बीसीसीआई ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया है।
घरेलू सीजन में दोहरा दबदबा: वह लगातार दो वर्षों से घरेलू अंडर-19 क्रिकेट में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इकलौते खिलाड़ी रहे हैं।
महज 13 साल की उम्र में 400 रन: अंडर-13 क्रिकेट में इंदौर संभाग के खिलाफ उन्होंने 391 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा अन्य मैचों में 425 और 235 रनों की मैराथन पारियां खेलकर वे पहली बार देशव्यापी लाइमलाइट में आए थे।

गायकवाड़ ट्रॉफी में दोहरा शतक: अंडर-18 हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी में चंबल संभाग की तरफ से खेलते हुए उन्होंने शहडोल के खिलाफ शानदार 230 रन बनाए थे।
गेंदबाजी में हैट्रिक: अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के अलावा यशवर्धन अपनी फिरकी से जूनियर स्तर के घरेलू मैचों में हैट्रिक लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।

अंचल में जश्न का माहौल

एक तरफ ग्वालियर के यशवर्धन को कप्तानी मिलना और दूसरी तरफ चंबल के मनल चौहान का टीम में चयन होना, दोनों खिलाड़ियों की इस कामयाबी ने अंचल के युवा क्रिकेटरों में एक नया जोश भर दिया है। स्थानीय खेल संघों और खेल प्रेमियों ने दोनों को शुभकामनाएं दी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m