आगरा के विजय नगर कॉलोनी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास का मंगलवार को गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया. 28 सितंबर को आवास पर हुए प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने कलश यात्रा निकालकर धार्मिक अनुष्ठान और सुंदरकांड का पाठ किया.

आगरा. विजय नगर कॉलोनी स्थित मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास का मंगलवार को धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुद्धिकरण किया गया. अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा और विजय नगर कॉलोनी की महिलाओं ने राधा-कृष्ण मंदिर से उनके पैतृक घर तक कलश यात्रा निकाली.

आवास पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया. इस दौरान शंख और घंटे बजाए गए तथा बाद में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया.

28 सितंबर को हुआ था प्रदर्शन

दरअसल, 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के मुद्दे को लेकर ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान आवास के मुख्य गेट पर कालिख पोती गई और वहां ‘वोट चोर’ तथा ‘गद्दार’ लिखा गया.

इस मामले में हरिपर्वत थाना पुलिस ने कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनिल यादव, मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी.

मां ने कही सद्बुद्धि की बात

शुद्धिकरण के दौरान ज्ञानेश कुमार की मां सत्यवती ने कहा कि 28 सितंबर को कुछ अराजक तत्व उनके घर आए थे और वहां नकारात्मक माहौल बनाया गया. उन्होंने कहा कि घर को गंदा किया गया था, इसलिए मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ और कलश यात्रा निकालकर गंगाजल से आवास को शुद्ध किया गया.

सत्यवती ने कहा कि भगवान सभी को सद्बुद्धि दें और सभी लोग सही मार्ग पर चलें. उन्होंने यह भी कहा कि भगवान सब ठीक करेंगे.

महिलाओं ने किया धार्मिक पाठ

विजय नगर निवासी निशा गुप्ता ने प्रदर्शन के दौरान घर पर लिखे गए शब्दों और वहां की गई कथित अभद्रता को गलत बताया. उन्होंने कहा कि इसी के शुद्धिकरण के लिए हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया तथा गंगाजल से घर को शुद्ध किया गया.

भाजपा नेत्री उपमा गुप्ता ने प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त संवैधानिक पद पर हैं और उनके आवास पर नारेबाजी, हंगामा तथा कालिख पोतने की घटना गलत थी. उन्होंने कहा कि आवास पर ज्ञानेश कुमार के वृद्ध माता-पिता रहते हैं और घटना से परिवार के साथ विजय नगर के लोग भी आहत हुए हैं.