पटना/हाजीपुर। बिहार की राजधानी को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शुक्रवार को सेतु से गंगा नदी में छलांग लगाने वाले हाजीपुर के युवक गुड्डू कुमार का शव आखिरकार 24 घंटे के सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया गया है। SDRF की टीम ने पिलर नंबर-44 के समीप से शव को बाहर निकाला, जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लाइब्रेरी जाने के बहाने निकला था घर से
मृतक गुड्डू कुमार हाजीपुर का रहने वाला था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह वह घर पर नाश्ता करने के बाद पटना स्थित अपनी लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के लिए निकला था। उसने अपनी गाड़ी लाइब्रेरी के पास ही पार्क की और वहां से एक ऑटो रिक्शा लेकर गांधी सेतु पहुंच गया। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि पढ़ाई के लिए निकला युवक मौत के रास्ते पर जा रहा है।
परिजनों से फोन पर बात करते हुए लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक गुड्डू ने पुल पर पहुंचकर अपने परिवार के सदस्यों को फोन किया था। फोन पर बातचीत के दौरान उसने आत्महत्या करने की बात कही। जब तक परिवार वाले उसे समझा पाते या रोकने की कोशिश करते उसने अपनी चप्पलें पुल पर उतारीं और उफनती गंगा में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया।
SDRF का 24 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पटना सिटी के आलमगंज थाना की पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार से ही नदी में शव की तलाश की जा रही थी लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। शनिवार को पुनः अभियान शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव को ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गुड्डू ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया? आलमगंज थाना प्रभारी राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि परिवार की ओर से फिलहाल कोई लिखित आवेदन या स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। पुलिस अब पारिवारिक विवाद मानसिक तनाव या किसी अन्य संभावित कारण के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

