कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद सभा स्थल का हवन और गंगाजल से कथित शुद्धिकरण किए जाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। हरियाणा से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने घटना को शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए कहा कि देश को भाजपा और आरएसएस की कथित सांप्रदायिक और जातिवादी मानसिकता के शुद्धिकरण की जरूरत है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि खड़गे की जनसभा के बाद BJP-RSS से जुड़े लोगों द्वारा सभा स्थल पर हवन कराया गया और गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया गया। कांग्रेस ने इसे संकीर्ण मानसिकता का उदाहरण बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
‘ऐसी मानसिकता देश को पीछे धकेलती है’
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के बाद सभा स्थल को कथित तौर पर अशुद्ध मानकर उसका शुद्धिकरण करना बेहद आपत्तिजनक है।
उन्होंने कहा कि देश को पीछे धकेलने वाली ऐसी संकीर्ण मानसिकता का शुद्धिकरण जरूरी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं समाज में विभाजन और वैमनस्य को बढ़ावा देती हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और PM से माफी की मांग
कांग्रेस ने इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री से देश से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही कथित रूप से शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
कांग्रेस का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक विरोध स्वाभाविक है, लेकिन विरोध को जाति और धर्म से जोड़ना सामाजिक सौहार्द के लिए नुकसानदायक है। पार्टी ने भाजपा नेतृत्व से हल्द्वानी की घटना पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


