पंकज श्रीवास्तव/छपरा। मशरक स्थित महाराणा प्रताप चौक के समीप भाजपा नेता कुमार रजनीश उर्फ झुन्ना पांडेय के आवास पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष उज्जवल श्रीवास्तव ने की। मुख्य रूप से यह बैठक आगामी 17 जून को छपरा शहर के गोवर्धन पैलेस, करिंगा में आयोजित होने वाली ‘गरीब चौपाल यात्रा’ को सफल बनाने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने के उद्देश्य से बुलाई गई थी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन करेंगे शिरकत
बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि इस विशेष गरीब चौपाल यात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संतोष सुमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष उज्जवल श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संतोष सुमन की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और पार्टी की नीतियों को धरातल पर ले जाने में मदद मिलेगी।
वंचितों की आवाज बनेगी यात्रा
जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक सरोकार से जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीब चौपाल यात्रा का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचितों, दलितों और गरीबों की समस्याओं को सीधे उनके दरवाजे पर जाकर सुनना और उसका समाधान खोजना है। यह पहल सरकार और जनता के बीच की दूरी को मिटाने का एक माध्यम बनेगी।
व्यापक जनसंपर्क का आह्वान
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पार्टी ने कमर कस ली है। उज्जवल श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए इसुआपुर, तरैया, पानापुर और मशरक प्रखंडों में पहले ही बैठकें की जा चुकी हैं जिसमें स्थानीय लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
बैठक में भाजपा नेता कुमार रजनीश उर्फ झुन्ना पांडेय, HAM प्रखंड अध्यक्ष तारकेश्वर कुमार, दीपेश कुमार, किशन कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सर्वसम्मति से कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

