हमीरपुर के सुमेरपुर क्षेत्र में अतरैया डेरा के बच्चों ने कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने की परेशानी को लेकर वीडियो बनाकर पक्की सड़क की मांग की है. ग्राम प्रधान के मुताबिक चकबंदी पूरी हो चुकी है और बजट मिलते ही मार्ग का निर्माण कराया जाएगा.

हमीरपुर. सुमेरपुर क्षेत्र की अतरैया ग्राम पंचायत के मजरा अतरैया डेरा में बच्चों ने गांव से स्कूल तक पक्की सड़क बनवाने की मांग को लेकर वीडियो बनाया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में बच्चे कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाते नजर आ रहे हैं और सड़क निर्माण की मांग उठा रहे हैं.

बच्चों का कहना है कि गांव से विद्यालय तक पक्की सड़क बन जाने से बारिश के दौरान स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी खत्म हो जाएगी. इससे पहले चंदूपुर गांव के बच्चों ने भी सड़क की समस्या को लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखी थी, जिसके बाद वहां सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई.

स्कूल जाने में दिक्कत

अतरैया डेरा में प्राथमिक विद्यालय संचालित है. कक्षा पांच की पढ़ाई पूरी करने के बाद बच्चों को आगे की शिक्षा के लिए अतरैया स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जाना पड़ता है.

गांव से स्कूल तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में रास्ता कीचड़ से भर जाता है. ऐसे में बच्चों को इसी कीचड़ भरे मार्ग से होकर विद्यालय जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आवागमन में परेशानी होती है.

बजट मिलते ही निर्माण

ग्राम प्रधान प्रीति यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत में चकबंदी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण मार्ग की नाप नहीं हो पा रही थी. अब चकबंदी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.

उन्होंने बताया कि बजट उपलब्ध होते ही अतरैया डेरा मार्ग का निर्माण कराया जाएगा.