हांसी। बेजुबान पशु के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। वीडियो सामने आने की जानकारी मिलते ही गो रक्षा दल और बजरंग दल से जुड़े लोग सक्रिय हुए और मामले में आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया।
गो रक्षा दल के सदस्यों ने इस संबंध में सिसाय पुल पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कथित घटना के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
गो रक्षा दल के पदाधिकारियों के मुताबिक, 12 सितंबर की सुबह उन्हें एक वीडियो के साथ इस घटना की सूचना मिली थी। उनका दावा है कि वीडियो चार कुतुब गेट क्षेत्र का है। फुटेज में रात के समय एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर गली में गाय के साथ आपत्तिजनक और घिनौनी हरकत करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और गो रक्षकों में रोष बढ़ गया। सदस्यों ने पुलिस से मांग की कि वीडियो की जांच कर आरोपी की पहचान जल्द की जाए, ताकि उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई हो सके।
शिकायत मिलने के बाद सिसाय पुल चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी रविकांत ने बताया कि गो रक्षा दल की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



