हांसी। हरियाणा के हांसी में जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान CIA इंचार्ज कप्तान सिंह के प्रदर्शनकारियों की ओर AK-47 दिखाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कप्तान सिंह बिना पुलिस वर्दी के अन्य पुलिसकर्मियों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इसी दौरान वह आगे बढ़ते हैं और एक अन्य CIA कर्मचारी के हाथ में मौजूद AK-47 उठाकर प्रदर्शनकारियों की ओर दिखाते हैं।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दूसरा पुलिसकर्मी AK-47 को अपने हाथ से नहीं छोड़ता। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ अन्य पुलिसकर्मी कप्तान सिंह को रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस घटनाक्रम को लेकर जीवन कुंडू न्याय समिति ने सवाल उठाए हैं।

चार घंटे बाद CM सैनी ने किया सम्मानित

मामले में एक और बात चर्चा में है। AK-47 दिखाने की घटना के करीब चार घंटे बाद हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने CIA इंचार्ज कप्तान सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। सम्मान से जुड़ी तस्वीर भी सामने आई है।

मानवाधिकार आयोग में शिकायत

जीवन कुंडू न्याय समिति की ओर से इस मामले में नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन और स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन को लिखित शिकायत भेजी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि CIA इंचार्ज ने AK-47 से गोली मारने की धमकी दी।

शिकायत में हांसी के SP विनोद कुमार के पथराव करने के आरोपों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। समिति ने पूरे घटनाक्रम को लेकर मानवाधिकार आयोगों के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।

SP ने AK-47 को लेकर क्या कहा?

AK-47 को लेकर पूछे गए सवाल पर हांसी के SP विनोद कुमार ने कहा कि AK-47 उनके गनमैन और एस्कॉर्ट के गनमैन के पास भी थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया।

वीडियो सामने आने और शिकायत दर्ज होने के बाद प्रदर्शन के दौरान पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, AK-47 दिखाए जाने के घटनाक्रम और उसके बाद हुए सम्मान ने मामले को और चर्चा में ला दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m