सतीश सिंह, लखनऊ. फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) की टीम ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की. टीम में फिल्म के निर्माता, निर्देशक व सभी प्रमुख कलाकार शामिल रहे. मुलाकात के दौरान निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव ने सीएम योगी को फिल्म के विषय और इसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ की पावन पंक्तियों और नाथ संप्रदाय से जुड़े फिल्म के अहम दृश्यों को देखा. निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म में बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के सिद्ध संतों की ऐतिहासिक मुलाकातों का विशेष चित्रण किया गया है. शोध बताते हैं कि अपने शुरुआती दौर में बाबा नीब करौरी लंबे समय तक नाथ संप्रदाय के संतों के सान्निध्य में रहे थे, जहां से उन्होंने दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा और शक्तियों को ग्रहण किया था.
इसे भी पढ़ें : योगी ने नए CEO संग राम मंदिर की व्यवस्था पर कसा फोकस, चंदा गड़बड़ी पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने फिल्म एवं इसके निर्माण से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों को सराहा और अपनी शुभकामनाएं भी दीं. गौरतलब है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करौली बाबा) के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित है. कम बजट में बनी इस फिल्म को दर्शकों का भारी समर्थन मिल रहा है.



