Air India Flight Delay: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संस्थापक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने जयपुर से दिल्ली जाने वाली Air India की फ्लाइट लेट होने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशभर में उड़ानों में लगातार देरी से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या पर सरकार चुप है। वहीं, एयर इंडिया ने फ्लाइट में देरी पर खेद जताते हुए कारण भी बताया।

क्या है पूरा मामला?

हनुमान बेनीवाल को सोमवार सुबह संसद के मानसून सत्र में शामिल होने के लिए जयपुर से दिल्ली जाना था। इसके लिए वे समय पर जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट पहुंच गए। उन्हें Air India की फ्लाइट AI1834 से यात्रा करनी थी। यह उड़ान सुबह 8:50 बजे रवाना होनी थी। हालांकि, आने वाली फ्लाइट के देर से पहुंचने के कारण विमान तय समय पर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद फ्लाइट करीब 10:10 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। यानी उड़ान लगभग 1 घंटा 20 मिनट देरी से चली।

Hanuman Beniwal ने क्या कहा?

फ्लाइट लेट होने के बाद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा के लिए दिल्ली पहुंचना था। लेकिन उड़ान में देरी के कारण उनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में उड़ानों में लगातार हो रही देरी से लाखों यात्री परेशान हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु इस मुद्दे पर मौन हैं। बेनीवाल ने कहा कि सरकार को विमानन व्यवस्था में जवाबदेही तय करनी चाहिए और यात्रियों के समय का सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए।

Air India ने देरी की वजह बताई

हनुमान बेनीवाल की पोस्ट के बाद एयर इंडिया ने एक्स पर जवाब देते हुए कहा कि आने वाले विमान के देर से पहुंचने की वजह से फ्लाइट AI1834 में देरी हुई। एयरलाइन ने कहा कि एयरपोर्ट पर मौजूद उसकी टीम यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने की पूरी कोशिश कर रही थी और उड़ान को जल्द रवाना करने की तैयारी की जा रही थी। साथ ही एयर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया।

पढ़ें ये खबरें