कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से निवेश और उद्योग विस्तार के लिए ‘हैपनिंग हरियाणा 2.0’ ग्लोबल कैपिटल कैंपेन की शुरुआत की। 23 से 25 अगस्त तक चलने वाले तीन दिवसीय इन्वेस्टर समिट में 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान मुंबई में बसे प्रवासी हरियाणवियों से संवाद कर उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश में बसे हरियाणवी केवल प्रवासी नहीं, बल्कि प्रदेश की विस्तारित शक्ति और सकारात्मक पहचान के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा और मुंबई का रिश्ता जन्मभूमि और कर्मभूमि से आगे बढ़कर संस्कार, मेहनत और अवसर का रिश्ता है। मुंबई में बसे हरियाणवी दोनों प्रदेशों के बीच जीवंत सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
सैनी ने कहा कि हरियाणा अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं रहा। उद्योग, सेवा, तकनीक, स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स, खेल, शिक्षा और नवाचार प्रदेश की नई विकास यात्रा के प्रमुख आधार बन रहे हैं। उन्होंने प्रवासी हरियाणवियों से निवेश के साथ अपने अनुभव, विशेषज्ञता और कारोबारी नेटवर्क का लाभ प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई की एआई, फिनटेक, मीडिया-एंटरटेनमेंट, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा, खेल प्रबंधन और कृषि तकनीक जैसी क्षेत्रों की विशेषज्ञता को हरियाणा से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, स्टार्टअप मेंटरिंग, खिलाड़ियों के सहयोग और हरियाणा के उत्पादों को मुंबई व वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में प्रवासी समाज से भागीदारी मांगी।
उन्होंने कहा, “हरियाणा आपसे दूर नहीं है। सुख में, संकट में, अवसर में और उत्तरदायित्व में हरियाणा आपके साथ एक परिवार की तरह खड़ा है।”
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा के लोग अपनी मेहनत और कर्मठता से हर क्षेत्र में पहचान बना रहे हैं। राज्य सरकार निवेश के लिए अनुकूल माहौल और बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा पारंपरिक मूल्यों को संजोते हुए विकसित प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग समेत बड़ी संख्या में प्रवासी हरियाणवी और उनके परिवारजन मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री मेघना मालिक ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

