हापुड़ के ब्रजघाट क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के मौसा पर कपड़े दिलाने के बहाने ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के बाद जांच शुरू कर दी है.
हापुड़. जिले के ब्रजघाट क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के मौसा अशोक कुमार पर कपड़े दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
राजनीतिक बैठक में हुई मुलाकात
पीड़िता के पति के मुताबिक, 13 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुरादाबाद में आयोजित एक राजनीतिक बैठक में गया था. वहां उसकी मुलाकात अशोक कुमार से हुई, जो हापुड़ जिले के पिलखुवा स्थित मोहल्ला डबरिया का निवासी और उसका मौसा बताया गया है.
कपड़े दिलाने के बहाने ले जाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, अगले दिन अशोक कुमार ने फोन कर महिला को सूट दिलाने की बात कही और उसे अपनी कार में बैठाकर गढ़मुक्तेश्वर ले गया. आरोप है कि गढ़ चौपला पहुंचने पर उसने महिला के साथ अभद्रता की और उसकी आंखों में कोई पदार्थ डाल दिया, जिसके बाद उसे दिखाई देना बंद हो गया.
महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे ब्रजघाट स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया. वहां सुबह करीब 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
पुल के नीचे छोड़ने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि घटना के बाद महिला को स्याना चौपला पर पुल के नीचे छोड़ दिया गया. शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है. इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सीओ राहुल यादव ने बताया कि शुरुआत में पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी. एसपी के आदेश पर अशोक कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है.
पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है.

