काजल,हिसार। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा है कि हर घर तिरंगा अभियान मातृभूमि के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है। इसलिए हम सभी को बढ़-चढ़कर इस अभियान में प्रतिभागिता करनी चाहिए। उन्होंने यह बात लघु सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगाई गई प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर कही। इस अवसर पर विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्र में तिरंगा यात्राएं भी निकाली गईं।

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रविवार से अभियान का आगाज हो गया है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना प्रदर्शित करने का अवसर है। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलता है।

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बताया कि तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर एसबीआई के समीप प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में हमारे तिरंगे के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी प्रदर्शनियां नगर निगम, टाउन पार्क और अन्य स्थानों पर भी लगाई जाएंगी, ताकि युवाओं को तिरंगे के गौरवशाली इतिहास और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा सके।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुभाष चंद्र, डीडीपीओ नरेंद्र सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m