कैथल, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कैथल की डीसी अपराजिता ने सभी जिलावासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी फोटो या सेल्फी लेकर आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करें। फोटो अपलोड करने के बाद संबंधित व्यक्ति के नाम से डिजिटल हर घर तिरंगा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसे पोर्टल के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है।
पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर अपलोड करें तिरंगे के साथ सेल्फी
डीसी अपराजिता ने बताया कि अभियान में भाग लेने के लिए नागरिकों को पोर्टल पर अपना नाम, मोबाइल नंबर और स्थान सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद तिरंगे के साथ ली गई अपनी सेल्फी अथवा फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। फोटो अपलोड होते ही डिजिटल प्रमाण पत्र जनरेट हो जाएगा, जिसे नागरिक डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने सभी जिलावासियों से पूरे उत्साह के साथ अभियान में शामिल होने और अपने परिवार, दोस्तों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


