अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम आवागमन और बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। हरदा जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर केलनपुर से खामापड़वा मार्ग के मजबूतीकरण और पुलिया निर्माण कार्य में गुणवत्ता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निर्माण कार्य में बेहद घटिया स्तर की सामग्री का उपयोग कर पुरानी पुलियाओं पर महज लीपापोती की जा रही है।
हाथ लगाने से ही निकल रही गिट्टी और सीमेंट
सड़क और पुलिया निर्माण की बदहाली का आलम यह है कि मौके पर काम की स्थिति देखकर ग्रामीण हैरान हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिया और सड़क निर्माण में इस्तेमाल किया गया मिश्रण इतना कमजोर और गुणवत्ताहीन है कि हाथ लगाते ही गिट्टी और सीमेंट का मसाला हाथों में उखड़कर आ रहा है। यह सीधे तौर पर निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदार की साठगांठ की तरफ इशारा करता है।
PWD से लिखित शिकायत, फिर भी कार्रवाई शून्य
मामले में लापरवाही और भ्रष्टाचार का आलम यह है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार मौन धारण किए हुए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़कों के निर्माण कार्य पर संदेह होने के बाद 1 सितंबर 2026 को PWD विभाग को बाकायदा लिखित शिकायत सौंपी गई थी। शिकायत में निर्माण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई करने और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी, लेकिन दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ठेकेदारों को दिया जा रहा शह, अप्रैल में भी हुई थी शिकायत
वहीं एक अन्य शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने अप्रैल 2026 में भी इसी सड़क और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार लिखित शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार ठेकेदारों और एजेंसियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे बेखौफ होकर घटिया निर्माण कार्य को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि खबर दिखाए जाने के बाद जिला प्रशासन और PWD के आला अधिकारी इस पर क्या संज्ञान लेते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



