अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र में बड़झिरी-बोबदा रोड पर मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गहन छानबीन के बाद इस अंधी हत्या (ब्लाइंड मर्डर) की गुत्थी सुलझाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
27 सितंबर को मिला था संदिग्ध हालत में शव
जानकारी के अनुसार, बीते 27 सितंबर को बड़झिरी-बोबदा मार्ग पर सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। रहटगांव पुलिस ने तुरंत मामले को जांच में लिया और सबसे पहले मृतक की शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान बंदीमालौर गांव के रहने वाले राजू कलम के रूप में हुई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के जरिए जांच आगे बढ़ाई, तो हत्या का कारण अवैध संबंधों से जुड़ा निकला।
पति और ससुर ने मिलकर रंगे हाथों पकड़ा
पुलिस की पड़ताल के दौरान संदेह के आधार पर चुन्नीलालऔर उसके ससुर रतनको हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चुन्नीलाल को अपनी पत्नी और मृतक राजू कलम के बीच कथित अवैध संबंधों का शक था।
घटना वाले दिन जब राजू को चुन्नीलाल की पत्नी से मिलते हुए दोनों (पति व ससुर) ने रंगे हाथों पकड़ लिया, तो उनका गुस्सा भड़क गया। दोनों ने मिलकर राजू पर प्राणघातक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद वारदात पर पर्दा डालने और पुलिस को गुमराह करने की नीयत से दोनों आरोपियों ने राजू के शव को मोटरसाइकिल पर रखा और सुनसान बड़झिरी-बोबदा रोड के बीच ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया ताकि यह हादसा लगे।
रहटगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों चुन्नीलाल और उसके ससुर रतन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल बाइक और अन्य साक्ष्यों को जब्त करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

