शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा (Rajysabha BY Election) उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी को लेकर राज्य की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेता आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाओ जाने पर सवाल खड़े किए हैं तो वहीं बीजेपी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर सिख समाज से नफरत करने और 1984 के दंगों का हवाला दिया है।
कांग्रेस का आरोप- ‘इंटरनेशनल अपराधी को क्यों बनाया उम्मीदवार?’
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने बयान देते हुए कहा कि बीजेपी मध्य प्रदेश की जनता के साथ अपराध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया गया है जो बच्चियों के शारीरिक शोषण और तस्करी के मामलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराधी रहा है। कुणाल चौधरी ने सवाल उठाया कि बीजेपी क्या छिपाना चाहती है और इस तरह के व्यक्ति को देश के सदन में भेजना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की जांच की मांग करते हुए हर स्तर पर विरोध दर्ज कराने की बात कही है।
सिंघार बोले- MP पर ऐसा नेतृत्व थोपा जा रहा, जिसके तार एपस्टीन विवाद से जुड़े हैं?
वहीं विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ट्वीट कर हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने को प्रदेश की जनता का घोर अपमान बताया है और कहा है कि भले ही राज्यसभा का टिकट भाजपा का अंदरूनी मामला हो, लेकिन जेफ्री एपस्टीन से जुड़े गंभीर सवालों के बीच उन्हें मध्य प्रदेश का प्रतिनिधि बनाना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है तथा भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे व्यक्ति को जनता पर क्यों थोपा जा रहा है, साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता से यह ध्यान रखने की अपील की है कि इंसानियत को शर्मसार करने वाले कुख्यात अपराधी से संबंध रखने वाले हरदीप सिंह पुरी के नामांकन का प्रस्तावक, समर्थक और उसमें शामिल होने वाले भाजपा नेता कौन-कौन हैं, क्योंकि इन सभी चेहरों को जनता के सामने जवाब देना होगा।
बीजेपी का पलटवार- ‘कांग्रेस को सिखों से नफरत क्यों?’
कांग्रेस के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि हरदीप पुरी को प्रत्याशी बनाया गया है और वे जीतेंगे भी। उन्होंने कांग्रेस पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को सिखों और सरदारों से इतनी नफरत क्यों है? उन्होंने 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि जलते हुए टायर डालकर सिखों की हत्या करने वाले कौन लोग थे? रजनीश अग्रवाल ने कहा कि बिना किसी तथ्य और तर्क के सिर्फ जलन और नफरत के कारण कांग्रेस राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को भी पल-पल अपमानित करने का काम किया था, और पंजाब तथा अन्य राज्यों की जनता इसका पूरा हिसाब लेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

