हरिद्वार में दो अलग-अलग स्थानों पर नवजात समेत दो बच्चियां लावारिस हालत में मिलीं. पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था की है.

हरिद्वार. जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चियां लावारिस हालत में मिली हैं. भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिली, जबकि शहर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के नजदीक लगभग एक साल की बच्ची मिली है.

कूड़े के ढेर में मिली नवजात

भगत सिंह चौक के पास समाजसेवी वंदना गुप्ता की नजर कूड़े के ढेर में पड़ी नवजात बच्ची पर गई. उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची.

टीम ने नवजात को 108 एंबुलेंस की मदद से महिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी देखभाल की व्यवस्था की गई.

पोस्ट ऑफिस के पास मिली दूसरी बच्ची

दूसरी बच्ची शहर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास लावारिस हालत में मिली. चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने उसे अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया.

दोनों बच्चियों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है.