हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल 15 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए.
हरिद्वार. ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद रविवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
परिजनों ने करीब दो घंटे तक शव सड़क से नहीं हटाया. स्थिति बिगड़ती देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई. पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए.
30 अगस्त को हुआ था हादसा
परिजनों के मुताबिक, 30 अगस्त की रात ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रविदास चौक अंडरपास के पास महफिल रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार कार ने लौधामंडी निवासी किशोरी को टक्कर मार दी थी. आरोप है कि कार चालक किशोरी को करीब 300 मीटर तक वाहन के साथ घसीटता हुआ ले गया.
हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोरी का इलाज एम्स अस्पताल में चल रहा था. शुक्रवार को परिजनों ने उसे भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई.
शनिवार को भी हुआ प्रदर्शन
किशोरी की मौत की सूचना मिलने के बाद शनिवार को भी परिजनों और स्थानीय लोगों ने रेल चौकी पर धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद रविवार को परिजन एक बार फिर किशोरी का शव लेकर प्रदर्शन करने पहुंच गए.
रेल चौकी से कटहरा बाजार मार्ग पर एसबीआई के पास नाले की पुलिया के बाहर सड़क पर शव रखकर धरना दिया गया. प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ बढ़ने लगी. आक्रोश को देखते हुए आसपास के थानों से भी पुलिस फोर्स बुलाया गया.
परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग पर अड़े रहे. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए.
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



