हरिद्वार में तैनात महिला पुलिसकर्मी ने कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड पर पीछा करने, परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. एसएसपी के निर्देश पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

हरिद्वार. तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने अपने कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड पर पीछा करने, लगातार परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. शिकायत हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर तक पहुंची, जिसके बाद उनके निर्देश पर सिडकुल थाने में आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.

लगातार परेशान करने का आरोप

महिला कांस्टेबल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कार्यालय में तैनात होमगार्ड उसे आए दिन परेशान करता था. महिला पुलिसकर्मी के मुताबिक उसने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हरकतों में बदलाव नहीं आया.

शिकायत के अनुसार, महिला जहां भी जाती थी, होमगार्ड उसका पीछा करता था. आरोप है कि वह व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजकर भी उसे परेशान करता था.

22 सितंबर की घटना

महिला पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया कि 22 सितंबर को वह सरकारी काम से डीएम कार्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस गई थी. आरोप है कि होमगार्ड उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया और उसका हाथ पकड़कर उसके साथ बदसलूकी की.

इसी दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने महिला पुलिसकर्मी से उसकी परेशानी के बारे में पूछा. आरोप है कि उस व्यक्ति के वहां पहुंचने पर होमगार्ड ने महिला का हाथ छोड़ दिया, जिसके बाद वह वहां से वापस चली गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद महिला पुलिसकर्मी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी. हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सिडकुल थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया.

सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.