अंकित तिवारी, रायसेन (बरेली)। उत्तर प्रदेश के महाकुंभ से साध्वी के रूप में चर्चित हुईं पूर्व मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हर्षा रिछारिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। महाकुंभ के दौरान उनके साध्वी स्वरूप ने देशभर का ध्यान आकर्षित किया था। अपने व्यक्तित्व, आध्यात्मिक जीवन और जीवनशैली को लेकर चर्चा में रहने वाली हर्षा रिछारिया कई बार सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना कर चुकी हैं। इसी बीच वे रायसेन जिले की बरेली तहसील के समीप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल छिंद धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने हनुमान दादाजी एवं राम दरबार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
रायसेन जिले के प्रसिद्ध छिंद धाम मंदिर पहुंचीं हर्षा रिछारिया ने बरेली के युवाओं के संगठन शिवाय ग्रुप के साथ मंदिर परिसर में दर्शन किए। उन्होंने हनुमान दादाजी के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया, आरती में सहभागिता की तथा चोला अर्पित किया। मंदिर में उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
दर्शन के बाद न्यूज़ 24 और लल्लूराम डॉट कॉम से विशेष बातचीत में हर्षा रिछारिया ने युवाओं और अभिभावकों से अपने परिवार की जिम्मेदारियों को समझने और निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के समय में परिवारों को अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है तथा समाज में सामने आने वाले लव जिहाद जैसे मामलों के प्रति सजग रहना चाहिए।
हर्षा रिछारिया ने अपने जीवन के आध्यात्मिक सफर को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक समय उनका जीवन मॉडलिंग और ग्लैमर की दुनिया से जुड़ा हुआ था, लेकिन महादेव की प्रेरणा और आध्यात्मिक अनुभूतियों ने उन्हें भक्ति एवं साधना के मार्ग की ओर अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से उन्हें जीवन का नया उद्देश्य मिला और आज वे आध्यात्मिकता के माध्यम से लोगों को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास कर रही हैं।

