मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ल्ड बैंक प्रतिनिधिमंडल से की बैठक, डिजिटल गवर्नेंस, AI और स्किल डेवलपमेंट पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में वर्ल्ड बैंक के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर हरियाणा में आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस, कौशल विकास और डेटा-आधारित प्रशासन को और मजबूत बनाने की दिशा में विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान वर्ल्ड बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हरियाणा सरकार के सहयोग से विकसित AI सैंडबॉक्स को आगामी अक्टूबर में आयोजित होने वाले कोरिया डिजिटल समिट में वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसे हरियाणा के डिजिटल नवाचार और तकनीकी नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को कोरिया डिजिटल समिट में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। बैठक में डिजिटल तकनीकों के माध्यम से शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस और डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली को बढ़ावा देकर प्रशासनिक सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भी हरियाणा तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक संस्थाओं के सहयोग से राज्य को डिजिटल परिवर्तन का अग्रणी मॉडल बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


