Haryana Air Pollution : हरियाणा। प्रदेश में वायु प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही कई शहरों की हवा खराब हो गई है। गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा के छह शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। बहादुरगढ़ 365 AQI के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। वहीं पलवल में सबसे बेहतर हवा दर्ज की गई, जहां AQI 75 रहा।
बहादुरगढ़ सबसे प्रदूषित, इन शहरों में भी बिगड़े हालात
प्रदेश में बहादुरगढ़ के अलावा जींद, बल्लभगढ़, कैथल, गुरुग्राम और मानेसर में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। इन शहरों में AQI 300 से ऊपर दर्ज किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के नौ जिले खराब वायु गुणवत्ता की श्रेणी में रहे। हवा में प्रदूषण बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
धूल और धुएं के कणों से बन रहा स्मॉग
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले पांच दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार कम रहने और रात के तापमान में गिरावट के कारण वातावरण में धूल और धुएं के कण जमा हो रहे हैं।
सुबह के समय हवा में मौजूद नमी के साथ ये कण मिलकर स्मॉग बना रहे हैं। दोपहर तक भी कई इलाकों में प्रदूषण का असर बना रहता है। इससे खासकर सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को दिक्कत हो सकती है।
पलवल की हवा सबसे साफ, AQI सिर्फ 75
जहां प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है, वहीं पलवल में स्थिति बेहतर रही। यहां AQI 75 दर्ज किया गया। यह आंकड़ा प्रदेश के सबसे प्रदूषित शहर बहादुरगढ़ के मुकाबले काफी कम है।
10 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, हरियाणा में 10 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 5 नवंबर को कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि इसके बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चल सकती हैं। रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

